Patna News: पटना यूनिवर्सिटी के ज्योग्राफी डिपार्टमेंट कैंपस में शनिवार को सुतली बम से धमाका होने की घटना सामने आई है। धमाके की तेज आवाज से कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पीरबहोर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास की स्थिति की जानकारी ली और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने घटना की पुष्टि की है। वहीं, मौके पर FSL की टीम भी पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि सुतली बम कैंपस में कैसे पहुंचा और इसे किसने फेंका।
पीरबहोर थाने के SHO राजकुमार सिंह के अनुसार, शनिवार को करीब 12 बजे अशोक राजपथ स्थित डबल डेकर पुल की ओर से कुछ शरारती तत्वों ने पटना यूनिवर्सिटी कैंपस में सुतली बम फेंका। इसके बाद तेज आवाज के साथ धमाका हुआ।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि सुतली बम फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य बिंदुओं की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





