पटना: राजधानी पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार सरकार और केंद्र की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात हैं और छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को बचाने के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी छात्रों के आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी है।
भाई वीरेंद्र ने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल की इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय जो भी निर्णय लिए गए थे, वे कैबिनेट की मंजूरी से लिए गए थे, लेकिन वर्तमान एनडीए सरकार में बिना किसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लोगों की आवाज दबाई जा रही है।
उन्होंने कहा, "देश में अघोषित इमरजेंसी लागू हो गई है। छात्र अपने भविष्य, नौकरी और रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्हें किसी राजनीतिक मुद्दे की नहीं, बल्कि रोजगार और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की जरूरत है।"
नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं पर उठाए सवाल
आरजेडी विधायक ने नीट पेपर लीक सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लगातार पेपर लीक होने से मेहनत करने वाले लाखों छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में चला गया है।
भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि प्रतिभाशाली छात्र भी नौकरी पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों को फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि छात्र सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनकी पार्टी इस आंदोलन का समर्थन करती है।
प्रधानमंत्री मोदी के स्पीडी ट्रायल वाले बयान पर भी बोले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्पीडी ट्रायल को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि देश में बदलाव की नई लहर दिखाई दे रही है। उनके अनुसार अब केवल सोशल मीडिया तक विरोध सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता और छात्र सीधे सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1974 के छात्र आंदोलन की शुरुआत भी छात्रों ने ही की थी, जिसके बाद लोकनायक जयप्रकाश नारायण का समर्थन मिला और देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया। भाई वीरेंद्र ने दावा किया कि आज भी वैसा ही माहौल बन रहा है और छात्र आंदोलन आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने कहा, "इस बार केवल इंटरनेट पर विरोध नहीं हो रहा है, बल्कि छात्र और जनता दोनों सड़क पर उतर चुके हैं। जिस तरह 1974 का आंदोलन परिवर्तन का कारण बना था, उसी तरह आज भी परिवर्तन की लहर चल पड़ी है।"
भाजपा नेताओं की गाड़ियों पर हमले के आरोपों पर भी दी प्रतिक्रिया
भाजपा नेताओं की गाड़ियों पर हुए कथित हमले को लेकर पूछे गए सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि उन्हें इस घटना की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में वह कोई ठोस टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी कई मामलों में गलत बयानबाजी करती रही है। बीजेपी का नाम ही बड़का झूठा पार्टी है । उन्होंने कहा कि घटना की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी और बिना तथ्यों के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
पटना लाठीचार्ज को लेकर जारी है राजनीतिक बयानबाजी
राजधानी पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष लगातार सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगा रहा है, जबकि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कह रही है। इसी बीच भाई वीरेंद्र के बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं।





