PATNA: इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी पटना से आ रही है, जहां चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की छापेमारी के दौरान करीब 20 लाख रुपये कैश के साथ एक शख्स को पकड़ा गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चित्रगुप्त नगर इलाका स्थित कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 609 से एक मोस्टवांटेड व्यक्ति को भी पकड़ा गया है, जिसे NIA की टीम अपने साथ ले गई। मामले में आतंकी कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि NIA की यह कार्रवाई मेन रोड से सटे जुडियो मॉल के पास स्थित एक अपार्टमेंट में हुई। टीम एक फ्लैट में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान कथित तौर पर टीम गलती से दूसरे फ्लैट में प्रवेश कर गई।
NIA की टीम को देखकर भागने लगा शख्स
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, NIA की टीम को देखकर दूसरे फ्लैट में रहने वाला व्यक्ति घबरा गया और वहां से नीचे उतरकर भागने लगा। अपार्टमेंट के नीचे पहले से STF और चित्रगुप्त नगर थाने की पुलिस मौजूद थी।
बताया गया कि जैसे ही शख्स स्कूटी से भागने की कोशिश करने लगा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे एक झोले से करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
आधार कार्ड से हुई पहचान
चित्रगुप्त नगर थानाध्यक्ष शंकर झा के अनुसार, आधार कार्ड के आधार पर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई है। वह पूर्वी चंपारण जिले के चकिया वार्ड नंबर-7 का रहने वाला बताया गया है।
फिलहाल पुलिस अनमोल कुमार मोदी से पूछताछ कर रही है। उससे बरामद 20 लाख रुपये के स्रोत और रकम के इस्तेमाल के संबंध में जानकारी ली जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अब तक वह इतनी बड़ी रकम के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है।
इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई जानकारी
मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है। पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अनमोल कुमार मोदी के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
वहीं, NIA की कार्रवाई के दौरान एक कथित मोस्टवांटेड व्यक्ति को भी पकड़े जाने की बात सामने आ रही है। उसके बारे में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है। मामले में आगे की जांच जारी है।





