Bihar Train News: पटना जिले के पुनपुन-परसा बाजार रेलखंड के बीच पुल संख्या-21 पर बढ़ते जलस्तर के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही चार सितंबर से अगले आदेश तक रोक दी है. इसके चलते मंगलवार, 8 सितंबर को पटना-गया रेलखंड की 10 मेमू ट्रेनों को रद किया गया है.
रेलवे के इस फैसले से पटना से जहानाबाद, गया, नवादा और औरंगाबाद जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. पिछले तीन दिनों में 25 ट्रेनों के रद होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ रही है. वहीं रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है.
आज ये 10 मेमू ट्रेनें रहेंगी रद
रेलवे के अनुसार 8 सितंबर को 63242, 63258, 63245, 63396, 63248, 63243, 63259, 63393, 63250 और 63253 नंबर की गया-पटना और पटना-गया मेमू ट्रेनें रद रहेंगी. इन ट्रेनों के रद रहने से पटना और गया के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
इन एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला रूट
जलभराव के कारण 18625 पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस और 18626 हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस को निर्धारित मार्ग के बजाय बरकाकाना, करौंदा, राजगीर और तिलैया के रास्ते चलाया जाएगा.
13329/13330 धनबाद-पटना-धनबाद एक्सप्रेस का परिचालन भी वैकल्पिक मार्ग से किया जाएगा. वहीं 15137/15138 राजगीर-बनारस एक्सप्रेस को पटना-गया रेलखंड के बजाय पटना-आरा-बक्सर-डीडीयू होकर चलाने का फैसला लिया गया है.
इसके अलावा 63390/63389 नवादा-पटना-नवादा मेमू और 63391/63392 इस्लामपुर-पटना-इस्लामपुर मेमू को धनियावां-फतुहा होकर चलाया जाएगा.
पुल पर जलस्तर की लगातार निगरानी
रेलवे की ओर से पुल संख्या-21 पर जलस्तर और ट्रैक की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है. सुरक्षा को देखते हुए डाउन लाइन पर परिचालन अभी बंद रखा गया है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार जलस्तर सुरक्षित सीमा में आने और ट्रैक की स्थिति सामान्य होने के बाद ही डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू करने का फैसला लिया जाएगा.





