Bihar News : दुर्गापूजा और दशहरा के दौरान राजधानी पटना में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पूजा के उत्साह के बीच किसी तरह की गड़बड़ी, अफवाह या सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। इस बार पूजा पंडालों की सुरक्षा से लेकर विसर्जन जुलूस तक, हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी। भड़काऊ गाने और नारे लगाने पर रोक रहेगी, वहीं जबरन चंदा वसूलने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की छूट नहीं मिलेगी। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस जरूरी
दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडाल स्थापित करने वाली समितियों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। पंडाल लगाने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूजा समितियों को लाइसेंस की शर्तों की जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाए और उन्हें नियम पढ़कर भी सुनाए जाएं, ताकि बाद में किसी तरह की लापरवाही या विवाद की स्थिति न बने।
पंडालों में आग से बचाव के इंतजाम, बिजली की सुरक्षित वायरिंग और प्रवेश-निकास के रास्तों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना होगा। बड़े और महत्वपूर्ण पूजा पंडालों का फायर ऑडिट कराया जाएगा। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाना भी अनिवार्य होगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि पूजा के दौरान किसी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिले।
रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर पर रोक
ध्वनि प्रदूषण और शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के लिए लाइसेंस की शर्तों का पालन करना होगा। जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा भड़काऊ गीतों और नारों पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आयोजन के नाम पर ऐसा कोई काम नहीं होना चाहिए, जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों या इलाके में तनाव पैदा हो। पूजा समितियों और स्थानीय लोगों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई
दुर्गापूजा के दौरान सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी साझा करने और धार्मिक वैमनस्य पैदा करने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी संवेदनशील सूचना पर सतर्कता से नजर रखें और स्थिति बिगड़ने से पहले आवश्यक कदम उठाएं।
जबरन चंदा वसूली को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पूजा के नाम पर किसी व्यक्ति या दुकानदार पर दबाव बनाकर पैसे वसूलने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन जुलूस की ड्रोन से होगी निगरानी
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। विसर्जन जुलूसों की ड्रोन से वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि जुलूस के दौरान होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। जुलूसों को निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार निकालना होगा। आयोजकों को प्रशासन की ओर से तय शर्तों का पालन करना होगा। जुलूस में शामिल जिम्मेदार व्यक्तियों और आयोजकों के नाम तथा पहचान संबंधी दस्तावेज भी नियमानुसार दर्ज किए जाएंगे।
विसर्जन के लिए चिह्नित कृत्रिम घाटों और तालाबों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। यहां पर्याप्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग, गोताखोरों और बचाव दल की तैनाती के साथ आपदा प्रबंधन के जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शांति समिति की बैठक कराने का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है। इन बैठकों में पूजा समितियों और स्थानीय लोगों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया गया है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने भी अधिकारियों को अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर मुस्तैदी से तैनात रहने का निर्देश दिया। प्रशासन की कोशिश है कि दुर्गापूजा और दशहरा का त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो। साफ है कि इस बार पटना में पूजा की रौनक के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर रहेगा और नियमों का उल्लंघन करन वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





