Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर अब विमानों के बोर्डिंग गेट और लगेज बेल्ट में अचानक बदलाव करना आसान नहीं होगा। शीतकालीन उड़ान समय-सारणी लागू होने के साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन ने इस संबंध में नए निर्देश जारी किए हैं।
इसके तहत विमानों की समय-सारणी के साथ संबंधित बोर्डिंग गेट और लगेज बेल्ट भी पहले से निर्धारित किए जाएंगे। यदि किसी कारणवश बोर्डिंग गेट में बदलाव करना जरूरी हुआ, तो संबंधित एयरलाइन को इसकी ठोस वजह बतानी होगी।
दरअसल, अंतिम समय में बोर्डिंग गेट बदलने से यात्रियों को एक गेट से दूसरे गेट तक भागदौड़ करनी पड़ती है। इससे खासकर बुजुर्गों, बच्चों और उनके साथ यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। यात्रियों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू की है। वहीं, एयरपोर्ट पर चल रहे निर्माण कार्यों के कारण अगले आदेश तक बोर्डिंग गेट संख्या 12ए को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
पटना एयरपोर्ट से सर्दियों के शुरुआती दौर के लिए उड़ानों की नई समय-सारणी रविवार से प्रभावी हो जाएगी। इसके तहत 30 नवंबर तक प्रतिदिन 40 जोड़ी उड़ानों का संचालन किया जाएगा। इस दौरान छह नई उड़ान सेवाएं भी शुरू होंगी, जिससे पटना की हवाई कनेक्टिविटी में विस्तार होगा।
नई समय-सारणी के तहत पुणे, अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवाएं बढ़ेंगी। इसके साथ ही पटना एयरपोर्ट से कुल 14 शहरों के लिए हवाई संपर्क निर्धारित किया गया है।
नई समय-सारणी के अनुसार, पटना एयरपोर्ट पर सुबह की पहली उड़ान दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6245 होगी। यह विमान सुबह आठ बजे पटना पहुंचेगा और सुबह 8:35 बजे पटना से दिल्ली के लिए रवाना होगा। नई व्यवस्था से जहां उड़ानों के संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी, वहीं बोर्डिंग गेट और लगेज बेल्ट में अंतिम समय पर होने वाले बदलावों से यात्रियों को होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है।





