PATNA: डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।
राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से स्वर्गीय परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का असली 'संस्कार' बन चुका है। यह खड़गे जी का व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की शिष्टाचार-विहीन सोच का प्रकटीकरण है।
जब विपक्ष के पास देश के विकास, नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तो वे इसी प्रकार की हताशा और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेते हैं। देश की जनता इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पटना में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में संबोधन के दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का मुद्दा उठाया और कहा कि इसमें गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा।
इसी दौरान दर्शकदीर्घा में मौजूद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा, ‘मोदी नहीं जाएगा।’ इस पर खड़गे ने प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर टिप्पणी की, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।
खड़गे की टिप्पणी के बाद बीजेपी और एनडीए के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा है। अमित शाह ने भी इस बयान की आलोचना करते हुए कांग्रेस से जुड़े राजनीतिक संवाद और मर्यादा पर सवाल उठाए हैं। इस मामले को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।





