PATNA: पटना में महाअष्टमी के मौके पर दुर्गा पूजा की धूम देखने को मिल रही है। मंदिरों और पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी पटना के एक पूजा पंडाल में पहुंचे और मां दुर्गा के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस दौरान उन्होंने युवाओं से ड्रग्स और सूखे नशे से दूर रहने की अपील भी की। वहीं, कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
महाअष्टमी के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मां दुर्गा के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मां का आशीर्वाद बिहारवासियों पर बना रहे और प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि आए, यही उनकी कामना है।
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें। उन्होंने युवाओं से ड्रग्स और सूखे नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही कहा कि युवा हिंसा का रास्ता छोड़कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें।





