पटना/मोकामा: बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सियासी घमासान के बीच मोकामा में शुक्रवार को माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। मोकामा प्रखंड कार्यालय के पास अनंत सिंह समर्थित जनसूराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह और एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थकों के बीच विवाद के बाद हिंसक झड़प हो गई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीपीओ राम कृष्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद फिलहाल इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है।
प्रखंड कार्यालय के पास बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि मतदान के दौरान मोकामा प्रखंड कार्यालय के आसपास दोनों पक्षों के समर्थक मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को अलग कराया। इसके बाद स्थिति को सामान्य करने के लिए इलाके में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ा दी गई।पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और झड़प में कौन-कौन लोग शामिल थे।
अनंत सिंह के समर्थन से अनुज सिंह मैदान में
मोकामा की यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पटना स्नातक सीट के चुनाव में जनसूराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह को मोकामा विधायक अनंत सिंह का समर्थन हासिल है। वहीं, एनडीए की ओर से जेडीयू के मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार चुनाव मैदान में हैं।नीरज कुमार इस सीट से लगातार चौथी बार चुनाव जीतने की कोशिश में हैं। दूसरी ओर, अनुज सिंह के समर्थन में अनंत सिंह लगातार सक्रिय नजर आए हैं। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी चर्चा में रही है।यही वजह है कि मतदान के दिन मोकामा में दोनों खेमों की सक्रियता पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई थीं। ऐसे में प्रखंड कार्यालय के पास हुई झड़प ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया।
SDPO राम कृष्ण ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राम कृष्ण मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और इलाके में शांति व्यवस्था कायम कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी तरह की बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया प्रभावित न हो और दोबारा विवाद की स्थिति पैदा न हो।
दो लोग हिरासत में, जांच जारी
मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। जिसमें अनंत समर्थक राजेश कुमार गर्ग (मोर ) और विपिन सिंह (मोकामा ) इसके अलावा नीरज समर्थक को भी हिरासत में लेने की सुचना हासिल हुई है। उसके बाद दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। घटना से जुड़े वीडियो या अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है। प्रशासन की प्राथमिकता मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है। फिलहाल मोकामा में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के बीच मोकामा की इस झड़प ने एक बार फिर चुनावी मुकाबले की गर्मी को सामने ला दिया है। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।





