Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते हैं, यह आपको भी मालूम होगा। वायरल होने की चाहत में लोग कई बार अपनी जिनदगी को भी दांव पर लगा देते हैं। एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान करके रख दिया है। वायरल वीडियो में एक महिला चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर बेहद खतरनाक अंदाज में रील बनाती नजर आ रही है।
रील बनाना या वीडियो तैयार करना अपने आप में गलत नहीं है। कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए लोकप्रियता हासिल की है और अपने लिए नए अवसर भी बनाए हैं। लेकिन जब प्रसिद्धि पाने की चाहत लोगों को अपनी सुरक्षा और समझदारी से दूर ले जाने लगे, तब यह चिंता का विषय बन जाता है। अक्सर सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो देखने को मिलते हैं, जिनमें लोग लाइक्स और व्यूज के लिए जान जोखिम में डालकर स्टंट करते दिखाई देते हैं।
इन दिनों वायरल हो रहे वीडियो में एक महिला चलती ट्रेन के गेट पर खड़ी नजर आती है। वीडियो की शुरुआत में वह ट्रेन के दरवाजे के दोनों हैंडल पकड़कर बाहर की ओर झुकती दिखाई देती है। ऐसा प्रतीत होता है मानो वह किसी फिल्मी सीन की शूटिंग कर रही हो। वीडियो रिकॉर्ड कर रही युवती उसके सामने मौजूद होती है और महिला उससे कैमरा चालू कर रिकॉर्डिंग शुरू करने के लिए कहती है।
चलती ट्रेन से बाहर लटककर बनाया वीडियो
कैमरा ऑन होते ही महिला और अधिक पीछे की ओर झुक जाती है। वह चलती ट्रेन के दरवाजे से बाहर की तरफ लटकते हुए अभिनय करती है और कैमरे के सामने डायलॉग बोलती है। वीडियो में उसे यह कहते हुए सुना जा सकता है, "अरे हम ट्रेन में वीडियो बनयबई तो कोई बोलतई रे?" महिला का यह अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को हैरान कर रहा है। जिस तरह वह ट्रेन के खुले दरवाजे पर खड़े होकर वीडियो बना रही है, उसमें जरा सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
सोशल मीडिया पर भड़के लोग
कुछ सेकंड तक यह खतरनाक स्टंट करने के बाद महिला वापस ट्रेन के अंदर आ जाती है और वीडियो समाप्त हो जाता है। हालांकि वीडियो काफी छोटा है, लेकिन इसमें दिखाई गई लापरवाही ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने महिला के इस कदम की आलोचना की है। लोगों का कहना है कि कुछ लाइक्स, व्यूज और वायरल होने की चाहत में अपनी जान जोखिम में डालना बिल्कुल भी समझदारी नहीं है। कई यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बताते हुए रेलवे प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्ती बरतने की मांग भी की है।



