PATNA: बिहार में शुक्रवार यानी 9 अक्टूबर को मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मॉनसून की विदाई लगभग हो चुकी है, लेकिन बिहार में आंधी और बारिश का दौर अभी पूरी तरह थमा नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को उत्तर और दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है।
सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम में बदलाव के पीछे कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पूर्वोत्तर बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वोत्तर बिहार से झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक एक ट्रफ बना हुआ है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र मौजूद है। इन मौसमी परिस्थितियों का असर बिहार के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, 9 अक्टूबर के बाद आंधी-बारिश का दौर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा।
10 अक्टूबर को कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार में एक-दो स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। 11 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल से सटे किशनगंज के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में शनिवार से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
बात अगर गुरुवार के तापमान की करें तो कैमूर के भभुआ में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डेहरी, छपरा और वाल्मीकिनगर को छोड़कर बिहार के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। यानी शुक्रवार को जहां 18 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट है, वहीं इसके बाद मौसम के धीरे-धीरे सामान्य होने के आसार हैं।





