PATNA: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना से पहले आरजेडी ने वोटों की गिनती में गड़बड़ी की आशंका जताई है। इसे लेकर पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने की मांग की।
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आरजेडी उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें डर नहीं, बल्कि शंका है, क्योंकि बीजेपी के लोग वोटों में गड़बड़ी करने में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान पहले अवैध वोटों और फिर वैध वोटों की गिनती करने की बात मुख्य चुनाव आयुक्त से कही गई है।
डॉ. संजीव कुमार सिंह ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पेन से कथित गड़बड़ी की गई थी। उन्होंने मांग की कि मतगणना के दौरान ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। जिस रंग के पेन से मतदान कराया गया है, उसी रंग का पेन लेकर कोई भी मतगणना केंद्र में प्रवेश न करे।
उन्होंने कहा कि मतदान के दिन की तरह ही पार्टी के कार्यकर्ता मतगणना के दिन भी सतर्क रहेंगे। उन्होंने कुछ संदिग्ध अधिकारियों को मतगणना की जिम्मेदारी से अलग रखने की मांग किए जाने की बात भी कही। साथ ही दावा किया कि आरजेडी चुनाव जीत रही है।
नीतीश कुमार और जेडीयू पर भी साधा निशाना
आरजेडी उम्मीदवार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत का जिक्र करते हुए कहा कि जब से उनकी तबीयत खराब हुई है, तब से व्यवस्था कमजोर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेडीयू में दूसरे नेताओं का प्रभाव बढ़ गया है और पार्टी के भीतर सत्ता की लड़ाई चल रही है।
डॉ. संजीव कुमार सिंह ने दावा किया कि जेडीयू के कार्यकर्ता नाराज हैं और पार्टी में टूट हो सकती है। उन्होंने बीजेपी पर जेडीयू को तोड़ने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री रहते हुए ही पद से हटा दिया गया। साथ ही उन्होंने जेडीयू में प्रभावशाली हो रहे कुछ नेताओं पर भी निशाना साधा। कहा कि वैसे वैसे लोग जेडीयू में हावी है जिनका चुनाव में जमानत जब्त होता है।
वही अनंत सिंह के आरजेडी छोड़कर जेडीयू में जाने पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी और कहा कि उन्हें आरजेडी छोड़कर जेडीयू में नहीं जाना चाहिए था। फिलहाल, बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना के नतीजों का इंतजार है। आरजेडी ने जहां पारदर्शी मतगणना की मांग की है, वहीं डॉ. संजीव कुमार सिंह ने अपनी पार्टी की जीत का दावा किया है।





