PATNA: सोशल मीडिया पर इन दिनों 80 के दशक के रेट्रो लुक वाला AI ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। आम लोगों के बाद अब देश के कई बड़े नेता भी इस ट्रेंड का हिस्सा बनते नजर आ रहे हैं। बिहार में भी नेताओं के बीच इस AI ट्रेंड का खासा क्रेज देखने को मिल रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, मंत्री अशोक चौधरी, इंजीनियर शैलेंद्र समेत कई नेताओं ने AI की मदद से तैयार अपनी रेट्रो अंदाज वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
AI तस्वीरों में दिखा 80s का फिल्मी अंदाज
AI से तैयार इन तस्वीरों में नेता 80 के दशक के फैशन, हेयरस्टाइल और बॉलीवुड स्टाइल में नजर आ रहे हैं। कहीं पुराने जमाने के सूट और सनग्लासेस दिखाई दे रहे हैं तो कहीं विंटेज कार, रेट्रो बैकग्राउंड और फिल्मी अंदाज में नेता पोज देते दिख रहे हैं।
बिहार में जीतन राम मांझी की रेट्रो AI तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वहीं अशोक चौधरी और इंजीनियर शैलेंद्र समेत कई नेताओं ने भी 80s लुक वाली AI तस्वीरें पोस्ट की हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इन तस्वीरों को पसंद करने के साथ इन्हें तेजी से शेयर और री-शेयर कर रहे हैं।
देशभर के नेता भी ट्रेंड में शामिल
80s रेट्रो AI ट्रेंड का असर सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं है। देश के कई नेता भी इस अंदाज में अपनी AI तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने रेट्रो तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “1980 का दशक और हम।” वहीं रायबरेली सांसद अदिति सिंह ने तस्वीर के साथ लिखा, “थोड़ा रेट्रो, भरपूर एटीट्यूड। हेलो, 80s।”
अभिनेता से सांसद बने रवि किशन ने भी 80s लुक वाली तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा कि 80 के दशक को कोई मात नहीं दे सकता। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने भी रेट्रो अंदाज वाली AI तस्वीरें साझा की हैं।
PM मोदी और राहुल गांधी की AI तस्वीरें भी वायरल
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं की 80 के दशक के लुक वाली AI जनरेटेड तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में नेताओं को पुराने दौर के कपड़ों, हेयरस्टाइल और फिल्मी बैकग्राउंड में दिखाया जा रहा है।
AI तकनीक ने सोशल मीडिया पर नेताओं के पुराने दौर के अंदाज को नए तरीके से पेश करने का मौका दिया है। ऐसे में 80s रेट्रो AI ट्रेंड राजनीति और मनोरंजन का दिलचस्प मेल बन गया है और नेताओं का बदला हुआ अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।





