Bihar News : राजधानी पटना में गुरुवार को पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ ने शहर में सनसनी फैला दी। बंटी यादव अपहरण एवं हत्याकांड के मुख्य आरोपी और कई संगीन मामलों में वांछित अपराधी रवीश कुमार उर्फ बसिया पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, पटना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी यादव हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा रवीश उर्फ बसिया शहर में मौजूद है। सूचना के आधार पर कोतवाली और बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस टीम बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में एलएनटी से पूरब बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंची, जहां आरोपी की घेराबंदी की गई।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही जवान आरोपी के करीब पहुंचे, उसने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान अपराधी की ओर से चलाई गई एक गोली कोतवाली थाना की सरकारी वाहन के बोनट पर जा लगी। वाहन में मौजूद थाना प्रभारी (SHO) सहित अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग के दौरान एक गोली रवीश के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लिया और इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी की एक चप्पल और एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। बरामद हथियार को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रवीश उर्फ बसिया बंटी यादव के चर्चित अपहरण और हत्या मामले का मुख्य आरोपी है। इस वारदात के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई दिनों से लगातार छापेमारी की जा रही थी। उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई गई थी। गुरुवार को मिली सटीक सूचना के बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे घेर लिया।
रवीश का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पटना के विभिन्न थानों में लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वह एक कुख्यात अपराधी के रूप में चिन्हित है और लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ था।
इस मुठभेड़ के बाद पुलिस अब आरोपी से पूछताछ की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उसके ठीक होने के बाद बंटी यादव हत्याकांड समेत अन्य मामलों में उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। साथ ही उसके नेटवर्क और फरारी के दौरान मदद करने वाले लोगों की भी जांच की जाएगी।
पटना में हुई इस एनकाउंटर कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





