उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौली गांव के पास एक्सप्रेसवे पर दो कारों की जोरदार टक्कर में बिहार के बगहा के रहने वाले तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
हादसा दोस्तपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 162 के पास दोपहर करीब तीन बजे हुआ. बताया जा रहा है कि बगहा से कुछ लोग स्विफ्ट डिजायर कार से मां विंध्याचल धाम दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रही अर्टिगा कार से टक्कर हो गई.
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
दोनों वाहनों की टक्कर इतनी तेज थी कि कारों में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया. घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
हादसे में बगहा नगर थाना क्षेत्र के जीतपुर निवासी श्याम बिहारी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी उम्र 62 वर्ष बताई गई है. वहीं जीतपुर निवासी अजय कुमार गुप्ता की भी हादसे में जान चली गई. अजय कुमार गुप्ता की उम्र 40 वर्ष थी. गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार यादव ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. अशोक की उम्र 28 वर्ष बताई गई है.
छह लोग घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं. घायलों में स्विफ्ट डिजायर में सवार कन्हैया के अलावा दूसरी कार में सवार रीता, दीक्षा, दीपशिखा, गरिमा और संदीप यादव शामिल हैं. घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मृतकों के घरों में मचा कोहराम
हादसे की खबर बगहा पहुंचते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए. घटना से जीतपुर और आसपास के इलाकों में भी शोक का माहौल है.
बताया जा रहा है कि बगहा से निकले लोग दोस्तों के साथ मां विंध्याचल धाम दर्शन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं.
हादसे की सूचना के बाद सुल्तानपुर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद चमवलिया पंचायत की मुखिया लक्ष्मी कुमारी और मुखिया प्रतिनिधि पप्पू यादव ने हादसे पर दुख जताया. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को मिलने वाले मुआवजे और सरकारी सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.




