PATNA:पटना के नौबतपुर में शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब 17 वर्षीया लड़की एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। किशोरी के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लड़की को टावर से नीचे उतारने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक प्रयास किया। घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद लड़की सुरक्षित नीचे उतरी।
प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला
बताया जाता है कि किशोरी किसी युवक से प्रेम करती है। युवक को पाने की जिद में उसने मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठा लिया। हालांकि, वह किस युवक से प्रेम करती है और टावर पर चढ़ने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पूरी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है
पुलिस ने काफी देर तक युवती को समझाया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने नौबतपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने किशोरी से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से भी शांति बनाए रखने और किशोरी को किसी तरह उकसाने से बचने की अपील की। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद किशोरी नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।
सुरक्षित नीचे उतरी किशोरी, पुलिस की निगरानी में
किशोरी के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे अपनी निगरानी में ले लिया और थाने लेकर गई। वहां उससे टावर पर चढ़ने के कारण और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी के बारे में पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उसे पुलिस की निगरानी में रखा गया है। पूछताछ के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इलाके में चर्चा का विषय
किशोरी के मोबाइल टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कुछ समय के लिए इलाके में अफरातफरी और हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस की समझाइश के बाद किशोरी के सुरक्षित नीचे उतरने पर लोगों ने राहत की सांस ली।





