Bihar Police News: बिहार विधान परिषद चुनाव-2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच लापरवाही का मामला सामने आया है। एमआईटी कॉलेज स्थित वज्रगृह में मतपेटियों की सुरक्षा ड्यूटी से बिना सूचना के गायब रहने पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने दो महिला सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित महिला सिपाहियों की पहचान सिपाही संख्या-503 लिलम कुमारी और सिपाही संख्या-163 प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। दोनों की तैनाती एमआईटी कॉलेज स्थित वज्रगृह में सुरक्षा गार्ड के तौर पर की गई थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र की ओर से वज्रगृह का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान दोनों महिला सिपाही बिना किसी अधिकृत अवकाश या पूर्व अनुमति के अपने ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिलीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ने तत्काल इसकी रिपोर्ट वरीय पुलिस अधीक्षक को सौंपी।
रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने दोनों महिला सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी कर दिया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव जैसी संवेदनशील और महत्वपूर्ण ड्यूटी से बिना सूचना के अनुपस्थित रहना वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना है।
उन्होंने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता का गंभीर मामला बताते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





