Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया है.बोचहा थाना क्षेत्र के सलहां गांव में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक चर्चित कृषि व्यवसायी और किराना दुकानदार को उनकी ही दुकान में घुसकर गोली मार दी.घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए.
घायल कारोबारी की पहचान सलहां निवासी हरेराम चौधरी उर्फ राजू चौधरी के रूप में हुई है.बताया जाता है कि राजू चौधरी गांव में कृषि व्यवसाय के साथ-साथ किराना दुकान भी चलाते हैं और इलाके के जाने-माने व्यवसायियों में उनकी गिनती होती है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो बाइक सवार युवक दुकान पर पहुंचे और कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी.गोली लगते ही कारोबारी जमीन पर गिर पड़े.घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.गोली की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे परिजन और मजदूर दौड़कर मौके पर पहुंचे.
घायल कारोबारी को गंभीर हालत में तत्काल इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
हरेराम चौधरी उर्फ राजू चौधरी सिर्फ एक कारोबारी ही नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए भी पहचान रखते हैं.उन्हें कृषि विभाग की ओर से ‘किसान सम्मान’ से सम्मानित किया जा चुका है.इसके अलावा बेहतर कृषि कार्यों के लिए उन्हें मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार के हाथों भी सम्मान मिल चुका है.इसी वजह से इस घटना ने जिले में और अधिक चर्चा का विषय बना दिया है.
घटना की सूचना मिलते ही बोचहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.प्रारंभिक जांच में लूटपाट के दौरान गोली मारने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है.
वारदात के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग जुट गए. लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है. दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


