Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित मुंगेर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। दुर्गा पूजा के अवसर पर 19 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने असरगंज, तारापुर और संग्रामपुर के विभिन्न प्रमुख दुर्गा मंदिरों एवं पूजा स्थलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान डीएम ने तारापुर के प्रसिद्ध तेलडीहा मंदिर, असरगंज प्राचीन दुर्गा मंदिर, संग्रामपुर, रणगांव और बिहमा सहित कई पूजा स्थलों का भ्रमण किया। तेलडीहा मंदिर में मुख्यमंत्री के पूजा-अर्चना करने की संभावना को देखते हुए यहां विशेष तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित भ्रमण को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
डीएम ने पूजा स्थलों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए जरूरत के मुताबिक सुधार करने का निर्देश भी दिया, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने लोगों से दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।




