Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले में 10वीं के एक छात्र की संदिग्ध मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. जमालपुर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय शिवम कुमार का शव लापता होने के करीब 24 घंटे बाद मनियारचक गंगा घाट के पास बरामद हुआ. शव मिलने की खबर के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए छात्र की हत्या किए जाने की आशंका जताई है.
मृतक शिवम कुमार नगर निगम कर्मी वीरेंद्र बिंद का बेटा था और 10वीं कक्षा का छात्र था. परिजनों के अनुसार, वह बुधवार शाम ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने जमालपुर थाना पहुंचकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई.
गुरुवार सुबह श्रीकृष्ण सेतु पर शिवम का मोबाइल और कुछ दूरी पर उसकी चप्पल मिलने से मामला और गंभीर हो गया. इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने गंगा में तलाश शुरू की. शुक्रवार को मनियारचक गंगा घाट के पास मछुआरों के जाल में एक शव फंसा मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया. बाद में उसकी पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई. यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया. लोगों का आरोप था कि अगर पुलिस ने समय रहते गंभीरता से तलाश अभियान चलाया होता तो शायद शिवम की जान बच सकती थी. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की. करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. बाद में कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी, उप महापौर खालिद हुसैन और अन्य अधिकारियों के समझाने पर लोगों ने जाम हटाया.
परिजनों का कहना है कि शिवम के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं और खून के धब्बे भी दिखाई दिए. उनका आरोप है कि शिवम की हत्या करने के बाद शव को गंगा में फेंक दिया गया. परिवार का यह भी दावा है कि पुलिस को बुधवार रात ही मोबाइल की लोकेशन मिल गई थी, लेकिन पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और संसाधनों के साथ खोज अभियान नहीं चलाया गया.
मृतक के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि शिवम का एक युवती से प्रेम संबंध था. उनका कहना है कि इसी वजह से युवती के पिता ने उसका अपहरण कर हत्या कर दी और शव गंगा में फेंक दिया. हालांकि पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि अभी जांच जारी है.
जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि छात्र के पिता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की थी. श्रीकृष्ण सेतु से मोबाइल और चप्पल भी बरामद किए गए थे. उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है. यह हत्या है या कोई और मामला, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही होगा.





