PM Awas Yojana News: मुंगेर नगर निगम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सरकारी सहायता लेने के बाद आवास निर्माण पूरा नहीं करने वाले लाभार्थियों पर सख्ती शुरू कर दी है. निगम ने ऐसे 197 लाभार्थियों को चिह्नित किया है, जिन्होंने योजना की पहली या दूसरी किस्त की राशि लेने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है या घर को अधूरा छोड़ दिया है. इन सभी लाभार्थियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सरकारी राशि प्राप्त करने के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार आवास निर्माण पूरा करना लाभार्थियों की जिम्मेदारी है. नोटिस मिलने के बाद भी यदि निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जाता है, तो संबंधित लाभार्थियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर सरकारी राशि की वसूली भी की जा सकती है.
1062 लाभार्थियों में 802 ने पूरा किया घर
नगर निगम के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना-1.0 के तहत मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में कुल 1062 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए सरकारी सहायता दी गई थी. इनमें 802 लाभार्थियों ने अपने आवास का निर्माण पूरा कर लिया है. इन लाभार्थियों को योजना के तहत निर्धारित राशि का भुगतान भी किया जा चुका है.
वहीं, 73 लाभार्थियों ने आवास निर्माण पूरा कर लिया है, लेकिन फंड की उपलब्धता नहीं होने के कारण उनका भुगतान अभी लंबित है. नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि फंड उपलब्ध होते ही इन लाभार्थियों को बकाया राशि का भुगतान कर दिया जाएगा.
राशि लेने के बाद भी निर्माण अधूरा
नगर निगम की जांच में 197 ऐसे लाभार्थी सामने आए हैं, जिन्होंने योजना के तहत राशि प्राप्त करने के बाद भी आवास निर्माण नहीं कराया है. कुछ लाभार्थियों ने निर्माण कार्य शुरू तो किया, लेकिन बाद में उसे अधूरा छोड़ दिया.
अब निगम की ओर से इन लाभार्थियों को नोटिस देकर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित समय में निर्माण पूरा नहीं करने पर संबंधित लाभार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और सरकारी राशि वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है.
चार किस्तों में मिलती थी 2 लाख रुपये की सहायता
प्रधानमंत्री आवास योजना-1.0 के तहत लाभार्थियों को घर बनाने के लिए कुल दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती थी. यह राशि चार किस्तों में जारी की जाती थी.
पहली किस्त में 50 हजार रुपये, दूसरी किस्त में एक लाख रुपये, तीसरी किस्त में 30 हजार रुपये और चौथी किस्त में 20 हजार रुपये दिए जाते थे. किस्तों का भुगतान आवास निर्माण की प्रगति के आधार पर किया जाता था.
PM Awas Yojana-2.0 में ढाई लाख रुपये की सहायता
प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के तहत अब लाभार्थियों को कुल ढाई लाख रुपये की सहायता राशि तीन किस्तों में दी जा रही है. मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में अब तक 302 लाभार्थियों के आवास को योजना के तहत स्वीकृति दी जा चुकी है.
इन सभी स्वीकृत लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये दिए जा चुके हैं. वहीं, 168 लाभार्थियों को दूसरी किस्त की एक लाख रुपये की राशि भी उपलब्ध कराई जा चुकी है.
नगर निगम के उपनगर आयुक्त नसीमुद्दीन खान ने कहा कि जिन लाभार्थियों ने योजना के तहत राशि प्राप्त की है, उन्हें प्राप्त राशि के अनुरूप आवास निर्माण पूरा करना होगा. निर्माण कार्य पूरा नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं, जिन लाभार्थियों के आवास का निर्माण पूरा हो चुका है और फंड के अभाव में भुगतान लंबित है, उन्हें फंड उपलब्ध होते ही राशि का भुगतान किया जाएगा.





