MUNGER: मुंगेर में चोरों ने एक CRPF जवान के बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र की आईटीसी कॉलोनी में चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के गहने, 56 हजार रुपये कैश और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना का पता तब चला, जब जवान के परिजन घर की सफाई करने पहुंचे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना बिहार के मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित आईटीसी कॉलोनी का है। यहां चोरों ने CRPF जवान के बंद आवास में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी तथा बक्सों के ताले तोड़कर कीमती सामान समेट ले गए।
जानकारी के मुताबिक, CRPF जवान मोहम्मद खुर्शीद आलम की तैनाती दिल्ली में है। वह करीब छह महीने पहले मुंगेर से ड्यूटी पर गए थे। इसके बाद से उनका आवास बंद पड़ा था।
मंगलवार की सुबह जवान के स्वजन मोहम्मद नदीम घर की सफाई करने पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। जब वे अंदर गए, तो अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब 20 लाख रुपये के गहने, 56 हजार रुपये नकद, कपड़े, एलईडी टीवी और अन्य कीमती सामान गायब मिले।
इसके बाद घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
वहीं, स्थानीय निवासी रमन कुमार, जफर आलम और फिरोज आलम ने इलाके में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है।
मुफस्सिल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मोहम्मद असलम अंसारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
इम्तियाज की रिपोर्ट





