Bihar Crime News: मधुबनी के भैरवस्थान थाना क्षेत्र के सर्वसीमा गांव में सोमवार शाम एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की उसके मायके में चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई है. आरोप है कि बाइक की किस्त को लेकर चल रहे विवाद के बाद उसके पति का दोस्त जतिन कामती एक नाबालिग के साथ उसके मायके पहुंचा और काजल पर चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
जानकारी के अनुसार, काजल कुमारी की शादी दरभंगा के सोनपुर गांव निवासी शिवम कुमार से हुई थी. शिवम ने अपने दोस्त जतिन कामती को बाइक खरीदकर दी थी. बताया जा रहा है कि बाइक की दो महीने की किस्त जतिन ने जमा नहीं की थी. इसी बात को लेकर जतिन और शिवम के बीच फोन पर विवाद चल रहा था.
सोमवार शाम काजल अपने ससुराल से सर्वसीमा स्थित अपने मायके पहुंची थी. इसी दौरान जतिन कामती अपने एक नाबालिग साथी के साथ काजल के मायके पहुंच गया. आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद जतिन ने काजल की मां के साथ मारपीट की. जब काजल ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया.
चाकू के चार वार से गंभीर रूप से घायल काजल की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी अपने नाबालिग साथी के साथ वहां से फरार हो गया. वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद भैरवस्थान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई.
काजल की हत्या के बाद उसके मायके वालों में काफी आक्रोश देखा गया. सोमवार को परिजन शव लेकर आरोपी जतिन कामती के घर पहुंच गए और वहीं शव का अंतिम संस्कार करने की बात कहने लगे. इसको लेकर वहां विवाद की स्थिति बन गई.
बाद में लोगों और पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार गाछी में करने के लिए राजी हुए. इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया.
इस मामले में मृतका की मां ने भैरवस्थान थाना में जतिन कामती और उसके साथ आए नाबालिग के खिलाफ आवेदन दिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है और घटना के पीछे हुए विवाद समेत पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.





