Bihar Crime News: मधेपुरा के कुमारखंड थाना क्षेत्र में खाना मांगने को लेकर हुए विवाद में एक विवाहिता की मौत हो गई. आरोप है कि पति ने पत्नी की जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई. इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपित पति अपनी सास को फोन कर घर से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
घटना कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडीस्थान पंचायत स्थित लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या छह की है. मृतका की पहचान प्रवेश ऋषिदेव की पत्नी लक्ष्मी देवी (22) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी देवी की शादी करीब छह महीने पहले प्रवेश ऋषिदेव के साथ हुई थी. उसका मायका मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बरियाही वार्ड संख्या तीन में है.
स्वजन और स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार दोपहर खाना मांगने को लेकर लक्ष्मी देवी और उसके पति के बीच विवाद शुरू हुआ. बताया गया कि प्रवेश ऋषिदेव नशे का सेवन करता था और पति-पत्नी के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था.
शनिवार को विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि प्रवेश ऋषिदेव ने लक्ष्मी देवी की पिटाई कर दी. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई. इसके बाद पति ने अपनी सास को फोन कर बताया कि लक्ष्मी बेहोश हो गई है और उसे ले जाने के लिए कहा. इसके बाद वह घर से फरार हो गया.
लक्ष्मी देवी को बेहोशी की हालत में देखकर पड़ोसी अर्जुन ऋषिदेव और उनकी पत्नी मीरा देवी उसे स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे. चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी.
इसके बाद लक्ष्मी देवी को जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, मधेपुरा में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही. शनिवार रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
लक्ष्मी देवी की मौत की जानकारी मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने पति पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया.
घटना की सूचना मिलने के बाद कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत रजक और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए.
सिंहेश्वर थाना पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया. इसके बाद परिजन शव लेकर मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बरियाही गांव चले गए.
कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मृतका की मां के फर्द बयान के आधार पर पति प्रवेश ऋषिदेव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.





