Bihar News: बिहार के खगड़िया में तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों की गाड़ी हादसे की शिकार हो गई। जिले के मड़ैया सहायक थाना इलाके में अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलटकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक ही परिवार के स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं।
घायलों में तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।सदर अस्पताल से भी तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घायलों की माने तो एक ही परिवार के सात लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर तिलक समारोह में शामिल होने अपने गांव डुमरिया खुर्द से देवठा जा रहा थे। इसी दौरान रास्ते में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
हालांकि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
रिपोर्ट- अनिश कुमार, खगड़िया





