Vikramshila Setu update: बिहार के खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर विक्रमशिला सेतु पर बने बेली ब्रिज को हटाने का फैसला दुर्गापूजा के बाद तक टालने का आग्रह किया है. सांसद ने कहा है कि त्योहारों के दौरान सेतु पर आवागमन बंद होने से बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
सांसद ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि 30 सितंबर की रात से विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद करने और 1 अक्टूबर से बेली ब्रिज हटाने की योजना है. इसी दौरान दुर्गापूजा का त्योहार है और इसके बाद दीपावली और छठ जैसे प्रमुख पर्व भी आने वाले हैं. ऐसे में सेतु बंद होने से आम लोगों के साथ-साथ छोटे कारोबारियों को भी परेशानी हो सकती है.
खगड़िया, कटिहार, कुरसेला, नवगछिया और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग त्योहारों के दौरान भागलपुर आते-जाते हैं. इन क्षेत्रों के छोटे व्यापारी फल, सब्जी, कपड़े और अन्य सामान की खरीद-बिक्री के लिए भी इस मार्ग पर निर्भर रहते हैं. सांसद के मुताबिक, सेतु पर आवागमन बंद होने से यात्रियों के साथ इन कारोबारियों की रोजमर्रा की गतिविधियां और आजीविका भी प्रभावित हो सकती है.
गंगा का जलस्तर अभी पूरी तरह नीचे नहीं आया है. ऐसे में सेतु के विकल्प के तौर पर नाव से आवागमन करना भी लोगों के लिए जोखिम भरा हो सकता है. सांसद ने इसी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री से बेली ब्रिज हटाने और स्थायी निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया को दुर्गापूजा के बाद तक टालने का आग्रह किया है.
सांसद राजेश वर्मा ने कहा है कि त्योहारों के दौरान आम लोगों की आवाजाही और कारोबार को देखते हुए कुछ समय के लिए फैसला टालने से लोगों को राहत मिल सकती है. उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित में इस मामले पर विचार करने का आग्रह किया है.





