Bihar Flood News: जमुई के झाझा में उलाई नदी में दोस्तों के साथ स्नान करने गया एक युवक रील्स बनाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई. करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद गुरुवार को पुलिस ने युवक का शव नदी से बरामद किया. शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मृतक की पहचान खुरीपरास गांव निवासी स्व. बाल्मिकी पासवान के पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि बुधवार दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच आशीष अपने आधा दर्जन साथियों के साथ उलाई नदी के पांडेयडीह बालू घाट पर स्नान करने गया था. इसी दौरान सभी दोस्त मोबाइल से रील्स बनाने लगे.
रील्स बनाने के दौरान आशीष समेत कुछ युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए. इसी बीच आशीष का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूब गया. उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक भी गहरे पानी में चले गए थे, लेकिन किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे. घटना के बाद आशीष के साथी वहां से चले गए.
देर शाम तक आशीष के घर नहीं लौटने पर उसकी मां शकुंतला देवी और अन्य परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. परिजनों ने आशीष के साथ नदी पर गए युवकों से भी पूछताछ की, लेकिन उन्हें घटना की सही जानकारी नहीं मिल सकी.
गुरुवार को परिजन झाझा थाना पहुंचे और पुलिस को आशीष के लापता होने की सूचना दी. परिजनों ने गांव के दो युवकों पर संदेह भी जताया. सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष मिंटू सिंह पुलिस पदाधिकारियों के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.
पुलिस ने संदेह के आधार पर बताए गए दोनों युवकों से पूछताछ की. इसके बाद आशीष के साथ नदी पर गए उसके दोस्तों से पूछताछ की गई. पूछताछ में उसके नदी में डूबने की जानकारी सामने आई.
इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उलाई नदी में आशीष की तलाश शुरू कराई. करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद पांडेयडीह बालू घाट के पास नदी के गहरे हिस्से में एक पाइप में फंसा आशीष का शव बरामद किया गया. ग्रामीणों के अनुसार, नदी से बालू उठाव के कारण वहां गहरे गड्ढे बन गए हैं.
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया. पुलिस के अनुसार, युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है और शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं. मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.





