Bihar News: बच्चों में मोबाइल गेमिंग की लत जानलेवा बनती जा रही है। जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के केनुहट इलाके में शुक्रवार को नौवीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृत छात्र की पहचान जीवन कुमार (15), पिता लाल कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम किया। परिजनों के अनुसार, जीवन अपने पिता के मोबाइल फोन पर गेम खेलता था। पिछले कुछ दिनों से मोबाइल से जुड़े बैंक खाते से लगातार पैसे कटने की जानकारी सामने आ रही थी। परिजनों को आशंका थी कि गेम खेलने के दौरान किसी तरह का ट्रांजैक्शन हो रहा है। इसी को लेकर जीवन के पिता बैंक खाते में हुए लेनदेन की जानकारी लेने के लिए शुक्रवार को बैंक गए थे।
मृतक के चाचा बबन कुमार सिंह ने बताया कि पिता के बैंक जाने के बाद घर में जीवन की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें आशंका है कि बैंक ट्रांजैक्शन की जानकारी सामने आने को लेकर छात्र डर या तनाव में रहा होगा। चाचा ने बताया कि जीवन को फंदे से झूलते हुए सबसे पहले उसके छोटे भाई ने देखा जिसकी जानकारी उन्होंने अपने पिता को दिया। हालांकि, उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जीवन पढ़ाई में काफी होनहार था। वह पढ़ने-लिखने में तेज था और सामान्य तौर पर परिवार के साथ रहता था। अचानक उसकी मौत की खबर से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी, यह जांच का विषय है।
घटना की सूचना मिलने के बाद लक्ष्मीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। लक्ष्मीपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस अब मोबाइल फोन और बैंक खाते से हुए संदिग्ध लेनदेन समेत घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर सकती है, ताकि छात्र की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।





