Bihar News: गया के विष्णुपद मंदिर में शादी के नाम पर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. उत्तर प्रदेश के बदायूं-शाहाबाद क्षेत्र के नरेंद्रपुर गांव निवासी हेमेंद्र कुमार की गुरुवार शाम करीब सात बजे विष्णुपद मंदिर में शादी कराई गई. शादी के कुछ ही घंटे बाद दुल्हन अचानक गायब हो गई. इसके बाद दूल्हा रात करीब 10 बजे पुलिस के पास पहुंचा और शादी के नाम पर 1 लाख 26 हजार रुपये ठगी का आरोप लगाया.
पीड़ित हेमेंद्र कुमार के अनुसार, वह बुधवार सुबह चार लोगों के साथ ट्रेन से गया पहुंचे थे. गया रेलवे स्टेशन पर दो लोग उन्हें अपने साथ ले गए. इसके बाद उन्हें एक युवती दिखाई गई और शादी की बात तय की गई. गुरुवार शाम करीब सात बजे विष्णुपद मंदिर में दोनों की शादी कराई गई. शादी के लिए कपड़े और जेवर भी खरीदे गए थे.
शादी के कुछ देर बाद दुल्हन हुई फरार
पीड़ित का आरोप है कि शादी के बाद दुल्हन अचानक गायब हो गई. काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद हेमेंद्र ने दुल्हन के कथित मुंहबोले मामा और उसके एक सहयोगी को तलाशना शुरू किया.
रात करीब नौ बजे जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के पास हेमेंद्र की नजर दोनों युवकों पर पड़ी. दोनों बाइक से जा रहे थे. पीड़ित ने उन्हें रोककर दुल्हन और अपने रुपये वापस करने की मांग की. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
हंगामे की सूचना मिलने पर डायल-112 और सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान बोधगया थाना क्षेत्र के हरली कला निवासी भरत साव और हरली खुर्द निवासी बीरबल कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें रति बिगहा निवासी एक व्यक्ति ने शादी समारोह में बुलाया था. उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी होने से इनकार किया है.
पुलिस तलाश रही फरार दुल्हन और अन्य आरोपितों को
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस फरार दुल्हन और शादी के नाम पर ठगी करने वाले कथित गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में कितने लोग शामिल हैं और पीड़ित से लिए गए 1 लाख 26 हजार रुपये किसे दिए गए थे.





