Air India Flight: दिल्ली से आने-जाने वाले गया जी के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। करीब सात महीने बाद एयर इंडिया एक बार फिर गया-दिल्ली रूट पर अपनी सेवा शुरू करने जा रही है। 25 अक्टूबर से एयर इंडिया दिल्ली-गया-दिल्ली रूट पर दो दैनिक उड़ानों का संचालन शुरू करेगी। इसके साथ ही इस रूट पर यात्रियों के पास एयर इंडिया और इंडिगो, दो एयरलाइनों का विकल्प उपलब्ध हो जाएगा।
एयर इंडिया की उड़ानों के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है। गया एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि 25 अक्टूबर से गया जी से एयर इंडिया की दो दैनिक उड़ानें शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में गया एयरपोर्ट से कई विदेशी उड़ानों का संचालन भी शुरू होने की उम्मीद है।
26 मार्च से एयर इंडिया की सेवा बंद होने के बाद गया से दिल्ली के लिए हवाई यात्रियों की निर्भरता मुख्य रूप से इंडिगो की उड़ानों पर थी। एक ही एयरलाइन के संचालन के कारण यात्रियों के पास सीमित विकल्प रह गए थे। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान सीटों की मांग बढ़ने पर इस रूट पर हवाई किराये में भी काफी बढ़ोतरी देखने को मिलती थी। ऐसे में एयर इंडिया की वापसी को यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
गया-दिल्ली रूट पर दो एयरलाइनों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने से यात्रियों को किराये में राहत मिलने की उम्मीद है। यात्री अपनी सुविधा और किराये के अनुसार एयर इंडिया या इंडिगो में से उड़ान चुन सकेंगे। टूर ऑपरेटर एसोसिएशन के संदीप कुमार ने बताया कि गया-दिल्ली रूट पर प्रतिस्पर्धा खत्म होने के बाद कई बार हवाई किराया आम यात्रियों की पहुंच से बाहर हो जाता था। एयर इंडिया की वापसी से एकाधिकार की स्थिति खत्म होने और किराये में मनमानी बढ़ोतरी पर लगाम लगने की उम्मीद है।
अक्टूबर से बोधगया में पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही त्योहारी सीजन भी रहता है। इस दौरान गया-दिल्ली रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में एयर इंडिया की दो दैनिक उड़ानों की शुरुआत से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। लंबे समय से गया जी की एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग के बीच एयर इंडिया की सेवा दोबारा शुरू होने से गया एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।





