DARBHANGA: दरभंगा के सीएम आर्ट्स कॉलेज लॉज के पास स्थित पोखर में डूबने से मंगलवार को 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गयी। मृतक की पहचान श्रवण साहा के पुत्र पियूष कुमार साहा के रूप में हुई है। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि पियूष कुमार साहा कक्षा पांचवीं का छात्र था और वार्ड संख्या-23, वाजिदपुर चौक, किलाघाट का रहने वाला था। पोखर में डूबने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बच्चे को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पियूष के माता-पिता हैदराबाद के सिकंदराबाद में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मौजूद बड़े भाई और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत की खबर से मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। छात्र की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है।





