Bihar Road Accident: बिहार के दरभंगा के सिमरी थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित भराठी चौक पर बुलेट बाइक की ठोकर से घायल 63 वर्षीय महिला दुलारी देवी की देर रात डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही स्वजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार, भराठी पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी रामराजी पासवान की पत्नी दुलारी देवी शनिवार की शाम करीब छह बजे मवेशियों के लिए चारा लेकर एनएच-27 पार कर रही थीं। इसी दौरान मुजफ्फरपुर की ओर से दरभंगा जा रही एक बुलेट बाइक ने उन्हें ठोकर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद भराठी चौक पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा। हादसे में बाइक चालक को भी हल्की चोट आई थी। उसे भी इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया।
बताया गया कि बाइक का पंजीकरण नंबर बीआर 06एएफ 0154 है। इलाज के बाद बाइक सवार वहां से चले गए, जबकि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक को जब्त कर लिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, दुलारी देवी की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।




