PATNA: छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना के मौके पर बिहार में आस्था और भक्ति का माहौल है। इस खास अवसर पर राजनीतिक और फिल्मी हस्तियां भी छठ पूजा में शामिल होती नजर आ रही हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी अलग-अलग नेताओं के घर खरना का प्रसाद ग्रहण करने पहुंच रहे हैं।
बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी के आवास पर भी छठ महापर्व मनाया जा रहा है। मृत्युंजय तिवारी और उनकी धर्मपत्नी दोनों छठ व्रत कर रहे हैं। बीजेपी नेता के घर खरना का प्रसाद ग्रहण करने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे। वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की पत्नी भी छठ व्रत कर रही हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नितिन नबीन के आवास पर लोहंडा का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे थे।
उधर, भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी छठ महापर्व का व्रत रखा है। उन्होंने छठ की शुभकामनाएं देते हुए लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह भी अक्षरा सिंह के आवास पर खरना का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे।
प्रसाद ग्रहण करने के बाद जब अनंत सिंह अपने आवास के लिए रवाना हो रहे थे, तभी उनकी नजर वहां मौजूद मीडियाकर्मियों पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों को अपनी बेटी की शादी में शामिल होने का न्योता दे दिया।
अनंत सिंह ने कहा कि आप सभी लोग 25 तारीख को बेटी की शादी में जरूर आइएगा। अगर किसी भाई को शादी का कार्ड नहीं मिल पाया है तो इसका बुरा न मानें। शादी में आने के लिए किसी कार्ड की जरूरत नहीं है।
उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा, "जो भाई का गलती-सलती से कार्ड छूट गया है, ऊ माफ करेंगे। मेरी बेटी की शादी में आने के लिए कोई कार्ड का जरूरत नहीं है। वहां सब आदमी आवेंगे।"
अनंत सिंह ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग इसी तरह अच्छे माहौल में हर साल छठ मनाएं। उन्होंने बताया कि वह दो जगहों पर खरना का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे थे।
छठ महापर्व के अवसर पर बिहार में नेताओं से लेकर फिल्मी सितारों तक में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। लोक आस्था के इस महापर्व में हर कोई भगवान भास्कर और छठी मैया की आराधना में जुटा है।





