Bihar Road Accident: बिहार के छपरा में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. गड़खा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास एनएच-722 पर तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए और पुलिस को घटना की सूचना दी. ऑटो की हालत इतनी खराब थी कि अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना आसान नहीं था. पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से ऑटो के हिस्सों को काटा और उसके अंदर फंसे घायलों व मृतकों को बाहर निकाला.
घटना की सूचना मिलते ही गड़खा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया. सभी घायलों को इलाज के लिए श्रीनिवास मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है.
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
बताया गया कि हादसे का शिकार परिवार शादी समारोह में शामिल होकर पंजाब से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान पहाड़पुर के पास एनएच-722 पर तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ऑटो में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
हादसे में अन्नू कुमारी (28) और उनके आठ महीने के बेटे रियांश कुमार की मौत हो गई. अन्नू के पति विशाल कुमार गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है. परिजन राहुल कुमार के अनुसार, परिवार शादी समारोह में शामिल होने के बाद पंजाब से लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ.
दो ममेरे भाइयों की भी गई जान
इस हादसे में आशीष उर्फ जीतू (25) और अमन कुमार (20) की भी मौत हुई है. दोनों आपस में ममेरे भाई बताए जा रहे हैं. हादसे में ऑटो चालक और उसके भाई के भी जान गंवाने की जानकारी सामने आई है.
टक्कर के बाद सड़क पर मची अफरातफरी
ट्रक की टक्कर के बाद ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर काफी देर तक बचाव अभियान चलाया. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस ट्रक और उसके चालक से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है.





