पटना: मेडिकल की पढ़ाई का सपना देखने वाले लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नीट धांधली गिरोह पर बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक और बड़ा शिकंजा कसा है। इस बार जांच एजेंसी के हाथ ऐसा आरोपी लगा है, जिसकी भूमिका परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था में सबसे अहम माने जाने वाले बायोमेट्रिक सत्यापन से जुड़ी बताई जा रही है। ईओयू ने वैशाली जिले से बायोमेट्रिक ऑपरेटर संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह असली परीक्षार्थियों की जगह दूसरे लोगों को परीक्षा में बैठाने के लिए फिंगरप्रिंट और बायोमेट्रिक डेटा में हेरफेर करता था।
इस गिरफ्तारी के बाद नीट यूजी और री-नीट परीक्षा 2026 में कथित फर्जीवाड़े की एक और परत खुल गई है। जांच में सामने आया है कि यह खेल सिर्फ परीक्षा केंद्र पर नहीं होता था, बल्कि इसकी तैयारी आवेदन फॉर्म भरने के समय से ही शुरू कर दी जाती थी। गिरोह के सदस्य मूल अभ्यर्थियों और उनकी जगह परीक्षा देने वाले स्कॉलर के बीच कथित तौर पर सौदा तय कराते थे। इसके बाद पहचान से जुड़े दस्तावेजों और बायोमेट्रिक रिकॉर्ड में बदलाव की व्यवस्था की जाती थी।
वैशाली के कटरा से पकड़ा गया संतोष, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
ईओयू के अनुसार, गिरफ्तार संतोष कुमार वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के कटरा का रहने वाला है। वह बायोमेट्रिक ऑपरेटर के रूप में काम करता था। जांच एजेंसी ने उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में संतोष की भूमिका का खुलासा पहले गिरफ्तार किए गए पावापुरी मेडिकल कॉलेज के छात्र डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट से पूछताछ के दौरान हुआ था। ईओयू की पूछताछ में संतोष ने भी कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह राहुल राज और रविशंकर सम्राट समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी परीक्षार्थियों को बैठाने के लिए डेटा मैच कराने में मदद करता था।
फॉर्म भरने के समय ही तैयार हो जाती थी फर्जीवाड़े की पटकथा
जांच में जो तरीका सामने आया है, वह परीक्षा व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य आवेदन प्रक्रिया के दौरान ही मूल अभ्यर्थी और उसकी जगह परीक्षा देने वाले स्कॉलर के बीच संपर्क स्थापित कर लेते थे। इसके बाद पहचान बदलने की कथित कवायद शुरू होती थी।
ईओयू के मुताबिक, कुछ अधिकृत आधार एजेंटों और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों की मदद से मूल अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति का बायोमेट्रिक विवरण अपडेट कराया जाता था। इतना ही नहीं, फोटो मिक्सिंग के जरिए पहचान से जुड़े रिकॉर्ड में भी कथित तौर पर हेरफेर किया जाता था।
इसका मकसद परीक्षा केंद्र पर होने वाली पहचान जांच को चकमा देना था। जब फर्जी परीक्षार्थी केंद्र पर पहुंचता था, तब उसके फिंगरप्रिंट का सत्यापन भी कथित तौर पर मैनेज कर लिया जाता था। यानी जिस तकनीक को नकल और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए लगाया गया था, उसी व्यवस्था में सेंध लगाने का आरोप है।
12 से 30 लाख रुपये तक में तय होता था सौदा
इस कथित नेटवर्क का आर्थिक पहलू भी चौंकाने वाला है। जांच एजेंसी के अनुसार, मूल अभ्यर्थी की जगह स्कॉलर को परीक्षा में बैठाने और पूरी व्यवस्था कराने के बदले प्रति अभ्यर्थी 12 लाख से 30 लाख रुपये तक वसूले जाते थे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि गिरोह के लिए प्रतियोगी परीक्षा में सेंधमारी कितने बड़े कारोबार का रूप ले चुकी थी। हालांकि, इस मामले में कुल कितने अभ्यर्थियों से रकम ली गई और कितने लोगों को इसका लाभ मिला, इसकी जांच अभी जारी है।
चार जिलों के बायोमेट्रिक वेंडर भी जांच के घेरे में
ईओयू की जांच का दायरा अब वैशाली से आगे बढ़कर कई जिलों तक पहुंच गया है। जांच में लखीसराय, हाजीपुर, नवादा और नालंदा के कई बायोमेट्रिक वेंडरों की भूमिका भी सामने आई है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे और किस स्तर पर पहचान संबंधी रिकॉर्ड में बदलाव किया गया।
इसके अलावा नीट काउंसिलिंग के दौरान नामांकन हासिल करने के लिए फर्जी आय, दिव्यांगता और जाति प्रमाणपत्र तैयार कराने वाले लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। इससे साफ है कि जांच केवल परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बैठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि दाखिले की प्रक्रिया में संभावित गड़बड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।
पहले तीन आरोपी गिरफ्तार, अब नेटवर्क के दूसरे चेहरों की तलाश
इस मामले में डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट, डॉ. उज्ज्वल राज और अश्विनी कुमार पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। संतोष की गिरफ्तारी को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है, क्योंकि उसकी कथित भूमिका सीधे बायोमेट्रिक सत्यापन से जुड़ी है।
दरअसल, 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा में अनियमितता को लेकर नालंदा के गिरियक (पावापुरी) थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद 21 जून को आयोजित री-नीट परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप में लखीसराय के कवैया थाने में दो और किऊल थाने में एक मामला दर्ज हुआ। इन चारों मामलों की शुरुआती जांच जिला पुलिस ने की थी। बाद में गंभीरता को देखते हुए जांच आर्थिक अपराध इकाई को सौंप दी गई। ईओयू ने 12 अगस्त को इस मामले में अलग प्राथमिकी भी दर्ज की थी।
सवाल सिर्फ परीक्षा का नहीं, लाखों छात्रों के भविष्य का है
नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में बायोमेट्रिक पहचान तक में कथित हेरफेर का मामला सामने आना बेहद गंभीर है। हर साल लाखों छात्र डॉक्टर बनने के सपने के साथ कड़ी मेहनत करते हैं। ऐसे में यदि पैसे और प्रभाव के दम पर कोई दूसरा व्यक्ति उनकी जगह परीक्षा में बैठने लगे, तो पूरी चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
फिलहाल ईओयू इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका की पुष्टि करने में जुटी है। संतोष की गिरफ्तारी से जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस पूरे खेल में कितने अभ्यर्थी, बायोमेट्रिक ऑपरेटर और अन्य मददगार शामिल थे और इस नेटवर्क की पहुंच आखिर कितनी दूर तक फैली हुई है।




