Bihar News : बिहार के अररिया जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अररिया-पूर्णिया मुख्य मार्ग पर कुसियारगांव पार्क के समीप हुई इस भीषण दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। मृतकों में एक साइकिल सवार युवक और स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड स्थित सकमा बिशनपुर गांव निवासी मयानंद झा (70), शांति देवी (60), गौतम कुमार ठाकुर उर्फ रटू (49) समेत कुल सात लोग एक स्कॉर्पियो वाहन से मधेपुरा जिले के रामनगर जा रहे थे। परिवार के लोग अपने रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान कुसियारगांव पार्क के समीप सड़क पर अचानक एक साइकिल सवार युवक सामने आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले साइकिल सवार को धक्का मारते हुए सड़क किनारे बनी रेलिंग से टकरा गई। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंच गया, जहां सामने से आ रही मारुति ब्रेजा से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। स्कॉर्पियो में सवार सातों लोग और ब्रेजा में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने साइकिल सवार गैयारी निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद कोनैन, मयानंद झा, शांति देवी और गौतम कुमार ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतकों में मां-बेटा और परिवार के एक अन्य सदस्य शामिल हैं। गौतम कुमार ठाकुर मनरेगा विभाग में पीआरएस (प्रोग्रामर रिसोर्स पर्सन) के पद पर कार्यरत थे, जिनकी मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
हादसे में घायल जवाहर झा (60), लक्ष्मी ठाकुर (43), मधुलता देवी (55) समेत अन्य लोगों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं दो महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घायल जवाहर झा ने बताया कि पूरा परिवार रामनगर में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि रास्ते में इतनी बड़ी दुर्घटना हो जाएगी। उन्होंने बताया कि हादसा अचानक हुआ और कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। नगर थाना पुलिस और यातायात पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं अस्पताल परिसर में मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे अररिया और पूर्णिया क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।





