Bihar Politics: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला है। मधुबनी जाने के दौरान दरभंगा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बिहार सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और पुलिस अब रक्षक की जगह भक्षक बन गई है। तेजस्वी यादव ने मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में एएसआई की फायरिंग से एक व्यक्ति की मौत के मामले को उठाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
उन्होंने रोशन यादव मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने पर भी सवाल खड़े किए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार में हालात ऐसे हो गए हैं कि आम जनता अपनी सुरक्षा खुद करने को मजबूर है। वहीं, एनडीए की ओर से निकाली जा रही पदयात्रा पर भी तेजस्वी यादव ने निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पदयात्रा वोट चोरों को बचाने की सोची-समझी कोशिश है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें संरक्षण देने का आरोप लगाया।
रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा