Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आखिरकार सीएम के पद से अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। उनके इस्तीफे के बाद बिहार में नई सरकार के गठन की तैयारी चल रही है। इन सबके बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा हमला बोला है।


नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर जो महात्मा गांधी के हत्यारे हैं उस विचारधारा वाली पार्टी को स्थापित कर दिया है। मुख्यमंत्री तो बापू का नाम लेते थे लेकिन अब उन्होंने बीजेपी को मौका दे दिया जो नाथूराम गोडसे की विचारधारावाली पार्टी है। जो लोग कर्पूरी ठाकुर को गाली देते थे उन्हें स्थापित कर दिया है।


तेजस्वी ने कहा कि कोई भी सरकार बने लेकिन वह जनता की चुनी हुई सरकार नहीं है। कोई भी मुख्यमंत्री बनेगा वह जनता का चुना हुआ नहीं है। जो भी बन रहे हैं वह लालू प्रसाद की पाठशाला के ही स्टूडेंट हैं। बीजेपी को तो लालू प्रसाद की विचारधारा की ईर्द-गिर्द ही राजनीति करनी पड़ रही है। ये बात तो सभी लोग जानते हैं।


उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने ही सम्राट चौधरी को पहली बार विधायक और मंत्री बनाया। तो ये लोग उन्हीं की पाठशाला के है। चाहे कोई हो सब लोग तो ज्यादातर उन्हीं के स्कूल के स्टूडेंट हैं। खैर जो भी बात हो एक बात तो स्पष्ट है कि उनके नाम पर जनता का मुहर तो नहीं लगा है। जो भी सीएम बनेगा लेकिन बिहार अब गुजरात से चलेगा।