Bihar Politics: जहानाबाद सदर अस्पताल में सड़क हादसे में घायल दो किशोरों के पैर पर प्लास्टर की जगह कार्टन बांधने का मामला सामने आया है। तस्वीर सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए सरकार पर हमला बोला है और पूछा है कि जिला अस्पतालों में फ्रैक्चर पर प्लास्टर लगाने के भी पैसे नहीं बचे?
तेजस्वी यादव ने घायल लड़कों की तस्वीरों को एक्स पर शेयर किया है। तेजस्वी ने लिखा, “बिहार की वित्तीय स्थिति इतनी बदतर है कि अब सरकार के पास जिला अस्पताल में पैर के फ्रैक्चर पर प्लास्टर लगाने के भी पैसे नहीं बचे?
स्वास्थ्य व्यवस्था की इससे दयनीय स्थिति क्या होगी कि राजधानी पटना से मात्र 45 किलोमीटर दूर स्थित जिला सदर अस्पताल, जहानाबाद में कार्डबोर्ड (गत्ते) से लपेटकर घायल पैर को साधारण से इलाज के लिए भी मरीज को पटना रेफर किया जाता है।
हमने 17 महीनों के अल्प कार्यकाल में अपनी इच्छा शक्ति और जुनून के बल पर बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में गुणात्मक परिवर्तन किया था लेकिन अब बिहार का स्वास्थ्य विभाग उन सुधारात्मक नीतियों और निर्णयों का क्रियान्वयन नहीं कर पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग खुद ही ICU में है।
किसी राज्य के लिए इससे शर्मनाक बात क्या हो सकती है कि एक मरीज को प्लास्टर जैसी सबसे साधारण और जरूरी First Aid (प्राथमिक चिकित्सा) सुविधा भी ना मिले। 21 सालों से बिहार में NDA की सरकार है फिर भी चुनावों में प्रधानमंत्री बिहार आकर जंगलराज का रोना रोते है। बिना चुनाव तो इन स्वार्थी लोगों को बिहार से कोई मतलब नहीं। ऐसे कठपुतली यहाँ बैठा दिए है जिन्हें जनसरोकर से कोई मतलब नहीं।”