Osama Shahab FIR: बिहार के सीवान में पूर्व बाहुबली सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे और रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब के खिलाफ एक और मामला दर्ज हुआ है। इस बार उन पर डॉक्टर दंपत्ति की जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश और धमकी देने का आरोप लगा है।
यह शिकायत उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रहने वाले डॉक्टर विनय सिंह और उनकी पत्नी डॉ. सुधा सिंह ने दर्ज कराई है। दंपत्ति मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं। उनका आरोप है कि सीवान के जूनापुर गांव में खरीदी गई जमीन पर निर्माण कार्य रोकने और उसे छोड़ने के लिए उन्हें धमकाया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने डॉक्टर दंपत्ति से कहा कि वे यह जमीन विधायक ओसामा शहाब के पक्ष में छोड़कर गोरखपुर लौट जाएं, अन्यथा उन्हें जान से मार दिया जाएगा। मामले में फरहान और साबिर सहित 30-35 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। यह भी आरोप है कि जमीन पर काम कर रहे लोगों के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
बता दें कि पिछले 10 दिनों के भीतर ओसामा शहाब के खिलाफ यह दूसरा मामला दर्ज हुआ है। इससे पहले 5 अप्रैल को सीवान के एमएच नगर थाना क्षेत्र में एक विवाद के दौरान फायरिंग और पथराव की घटना में भी उनका नाम सामने आया था, जिसमें हत्या की साजिश का आरोप लगाया गया था।