Bihar Politics: बिहार का मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम सम्राट चौधरी मंगलवार को दिल्ली पहुंचे और पीएम मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री से यह उनकी पहली मुलाकात थी। सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें शेयर की हैं। संभावना जताई जा रही थी इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच कैबिनेट विस्तार पर चर्चा हो सकती है।


दरअसल, यह पहला मौका है जब बिहार में बीजेपी से कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। सम्राट चौधरी ने बीते 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ जेडीयू से विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। ऐसी चर्चा थी कि शपथ ग्रहण में पीएम मोदी भी शामिल हो सकते हैं हालांकि वह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सके थे।


शपथ ग्रहण के पांच दिन बाद सीएम सम्राट चौधरी दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की है। मुलाकात की तस्वीरों को शेयर करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, "देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की। राज्य के समग्र विकास एवं जनकल्याण के विषय पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। माननीय प्रधानमंत्री जी का स्नेह एवं सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान कर रहा है”। 


बता दें कि नई सरकार के गठन के बाद अब कैबिनेट विस्तार पर सबकी नजर है। ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही सीएम सम्राट चौधरी अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे। कैबिनेट विस्तार के बाद सभी मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया जाएगा।