Bihar Politics: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को दिल्ली से वापस पटना लौट आए। मुख्यमंत्री बनने के बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात के लिए दिल्ली गए थे। दिल्ली से वापस लौटते ही सीएम सबसे पहले एक अणे मार्ग पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच ताजा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई।


दरअसल, 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी 20 अप्रैल को दिल्ली गए थे। 21 अप्रैल को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्होंने शिष्टाचार मुलाकात की थी। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद उन्होंने बीजेपी के अन्य बड़े नेताओं से मुलाकात की। पार्टी नेताओं से मुलाकात के बाद सीएम सम्राट चौधरी बुधवार को वापस पटना लौट आए।


पटना लौटने के बाद वह सीधे एक अणे मार्ग पहुंचे और वहां पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच गठबंधन और सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान पूर्व सीएम नीतीश कुमार काफी खुश दिखे। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सामने आई हैं। 


उधर, मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद राज्यसभा पहुंचे पूर्व सीएम नीतीश कुमार का अब पूरा फोकस जेडीयू को मजबूत करने पर है। संगठन को धार देने के लिए नीतीश कुमार ने अपनी नई टीम बनाई है। जेडीयू की तरफ से राष्ट्रीय पदाधिकारियों की लिस्ट जारी कर दी गई है। इस लिस्ट में संजय झा समेत पार्टी के 24 नेताओं को जगह मिली है।