Politics News: मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पहुंचकर युवा चेतना के सुप्रीमो रोहित सिंह ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा है. उन्होंने छठ पूजा को लेकर उद्धव ठाकरे को चेतावनी देते हुए कहा कि छठी मैया के महाव्रत को रोकने की ताकत न तो उनमें है और न ही उनके लोगों में.
रोहित सिंह ने गेटवे ऑफ इंडिया से अपना बयान जारी करते हुए कहा, “मैं मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर खड़ा हूं और यहां से उद्धव ठाकरे जी को चेतावनी देता हूं कि छठी मैया के व्रत से टकराने का प्रयास मत कीजिएगा.” उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार, पूर्वांचल और दुनिया भर में रहने वाले लोगों की आस्था से जुड़ा पर्व है. इस पर्व के साथ टकराने की शक्ति किसी में नहीं है.
उन्होंने कहा कि छठी मैया की कृपा महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत देश और दुनिया के लोगों पर बरस रही है. छठ पूजा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि समानता, समता और लोक आस्था का प्रतीक है.
वोट की राजनीति को लेकर उद्धव ठाकरे पर निशाना
रोहित सिंह ने उद्धव ठाकरे पर वोट की आकांक्षा में लोगों को बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे बार-बार देश के लोगों को विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं.
रोहित सिंह ने अपने बयान में दोहराया कि छठी मैया के महाव्रत से टकराने के बारे में भी नहीं सोचना चाहिए. उन्होंने कहा कि छठ पूजा बिहार और पूर्वांचल के लोगों की गहरी आस्था से जुड़ी हुई है और इस पर्व का सम्मान किया जाना चाहिए.