Bihar Politics: पटना से सटे दानापुर अनुमंडल के नौबतपुर थाना क्षेत्र में दो डांसर बहनों के साथ कथित गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। झारखंड की रहने वाली पीड़ित दोनों बहनें एक तिलक समारोह में डांस कार्यक्रम करने के लिए पटना पहुंची थीं। दोनों ने 13 लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद लालू प्रसाद क बेटी रोहिणी आचार्य ने सरकार को घेरा है।


रोहिणी ने एक्स पर लिखा, “यदि बहन - बेटियाँ सुरक्षित नहीं हैं, तो कानून-व्यवस्था के दावों का कोई अर्थ नहीं रह जाता है ...बिहार में बलात्कार और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध गंभीर चिंता का विषय हैं। निरंतर हो रहीं बलात्कार की घटनाओं से ही जाहिर होता है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री व् उनकी सरकार के द्वारा प्रदेश में कानून के राज का किया जाने वाला दावा महज कोरी बयानबाजी है और ऐसे घृणित अपराध को अंजाम देने वालों के बीच कानून , शासन - प्रशासन का रत्ती भर भी खौफ नहीं है l 


यदि महिलाओं को  सुरक्षा का भरोसा न मिले, तो यह कानून-व्यवस्था की कमजोरी व् विफलता का ही परिचायक है। महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियानों और सरकारी दावों का वास्तविक प्रभाव तब ही माना जाएगा जब बलात्कार के मामलों में स्पष्ट कमी दिखाई देगी । यदि बहन - बेटियाँ सुरक्षित नहीं हैं, तो कानून-व्यवस्था के दावों का कोई अर्थ नहीं रह जाता है ? 


अपराधियों में कानून का भय और पीड़ितों में न्याय का विश्वास पैदा करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इस फ्रंट पर मौजूदा बिहार सरकार पूरी तरह से विफल है l सरकारी - प्रशासनिक विफलता का आलम तो कुछ ऐसा है कि पटना के गर्ल्स हॉस्टल में बलात्कार के बाद निर्ममता से मार दी गयी छात्रा के मामले में महीनों बीत जाने के बाद भी न्याय मिलना तो दूर की बात दोषियों की पहचान तक नहीं हुई है और वर्षों पहले हुए मुजफ्फरपुर महापाप के मामले में अभी भी न्याय प्रतीक्षित है”l