Bihar Politics: देशभर में बीते 48 घंटों के दौरान आम जनता पर महंगाई की चौतरफा मार पड़ी है। एक के बाद एक कई जरूरी चीजों के दाम बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। देश में पेट्रोल डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ने के बाद अब इसको लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने इसको लेकर सरकार पर हमला बोला है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद सरकार ने सोना और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी, जिसके चलते गोल्ड और सिल्वर की कीमतों में तेजी आ गई। इसके बाद दूध के दाम बढ़े और CNG की कीमतों में भी इजाफा किया गया। अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। शुक्रवार, 15 मई से देश में पेट्रोल-डीजल 3 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो गए हैं। लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर हमला बोला है। रोहिणी ने एक्स पर लिखा, “सवाल सिर्फ 3 रुपये की बढ़ोत्तरी का नहीं, लगातार बढ़ती महंगाई के बोझ का है ..मोदी सरकार की मेहरबानी से अब "तेल निकलना" महज मुहावरा नहीं बल्कि आम जनता के लिए रोज की कहानी है l जब पेट्रोल - डीजल महंगा होता है तो सबसे ज्यादा बोझ रोज़ कमाने-खाने वालों , आम जनता पर पड़ता है, मगर प्रधानमंत्री जी और धन्ना सेठों के इशारे पर काम करने वाली उनकी सरकार को आम जनता की दुश्वारी से कोई फर्क नहीं पड़ता है l
पिछले 12 सालों से आलम कुछ ऐसा है कि “जनता की जेब खाली हो रही है , मगर भाषणों में ‘अच्छे दिन’ अब भी जारी हैं।” बढती महंगाई की वाजिब वजह बताने से बचने वाले प्रधानमंत्री जी और उनकी सरकार में शामिल लोगों के मुँह से महंगाई के बारे में बहाने ही ज्यादा सुनने को मिलते हैं”l