PATNA: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल में भूचाल आ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बिहार प्रदेश की सभी स्तरों की सांगठनिक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने 6 अगस्त 2026 को कार्यालय आदेश जारी किया। अब तेजस्वी यादव नई टीम का गठन करेंगे। 


जारी आदेश के अनुसार, राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव से हुए परामर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही पत्रांक 101, दिनांक 22 जनवरी 2025 के तहत जारी पूर्व कार्यालय आदेश को निरस्त कर दिया गया है।


कार्यालय आदेश में कहा गया है कि बिहार प्रदेश की सभी जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की सांगठनिक इकाइयों, विभिन्न प्रकोष्ठों की इकाइयों तथा अन्य संबद्ध सांगठनिक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है।


राजद नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी स्तरों पर स्थानापन्न समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। पार्टी संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।


यह आदेश राजद बिहार के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।