Bihar Politics: बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को पटना स्थित उनका सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 को खाली करने को कहा है।
जारी आदेश के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को अब 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है। वहीं, 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास अब बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया गया है।
विभाग के मुताबिक, यह आवंटन सक्षम प्राधिकार की मंजूरी के बाद किया गया है। भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व आदेश को निरस्त करते हुए नया आवास आवंटन किया गया है। आदेश पर संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी के हस्ताक्षर भी हैं।
10 सर्कुलर रोड का यह आवास लंबे समय से बिहार की राजनीति का अहम केंद्र रहा है और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं लालू प्रसाद यादव से जुड़ा हुआ माना जाता रहा है। अब इसके नए आवंटन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
विभाग ने आदेश की प्रति मुख्यमंत्री सचिवालय, मंत्रिमंडल सचिवालय, संबंधित विभागों और इंजीनियरिंग शाखा को भी भेज दी है, ताकि आवास हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जा सके। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सरकारी आवासों का आवंटन बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, खासकर सर्कुलर रोड स्थित आवास हमेशा से सत्ता और सियासत के केंद्र में रहे हैं।