Bihar Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर बिहार दौरे पर आ रहे हैं। 21 नवंबर को उनका वैशाली दौरा प्रस्तावित है। दावा किया जा रहा है कि इस दौरान प्रधानमंत्री बिहार को कई बड़ी सौगात दे सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे से पहले ही बिहार की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दलों ने प्रधानमंत्री के दौरे और बिहार को मिलने वाली सौगातों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।




दरअसल, विपक्ष का आरोप है कि प्रधानमंत्री के बिहार दौरे से राज्य को सिर्फ वादे मिलते हैं, जबकि इसका आर्थिक बोझ बिहार सरकार को उठाना पड़ता है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पिछले 13 वर्षों में कई बार बिहार आए, लेकिन राज्य को आखिर मिला क्या?




भाई वीरेंद्र ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार को घाटा मिला और वादा मिला। प्रधानमंत्री के आने पर जो पैसा खर्च होता है, उसका नुकसान बिहार सरकार को उठाना पड़ता है। फायदा होने वाला कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री बिहार आते हैं, वादे करते हैं और चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर बार बिहार के लिए बड़े-बड़े पैकेज की घोषणा करते हैं, लेकिन धरातल पर बिहार को कुछ नहीं मिलता। 13 वर्षों में कई बार दौरा करने के बावजूद बिहार की जनता को क्या मिला, यह सभी जानते हैं।




वहीं ओवैसी की पार्टी AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री विदेशों का ज्यादा दौरा करते हैं और देश में कम रहते हैं। ऐसे में उनका बिहार आना स्वागत योग्य है, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि वह बिहार के लिए क्या लेकर आ रहे हैं और अब तक राज्य को क्या दिया है।




अख्तरुल ईमान ने खास तौर पर सीमांचल के विकास का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सीमांचल बिहार का बेहद पिछड़ा इलाका है। राज्य के कई दूसरे इलाके भी विकास के मामले में पीछे हैं। प्रधानमंत्री को इन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सबका साथ, सबका विकास की बात करते हैं, लेकिन सीमांचल की स्थिति बेहद खराब है। वहां के लोग परेशान हैं और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। अगर प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं तो उन्हें राज्य को कुछ देकर जाना चाहिए।




अख्तरुल ईमान ने पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री के सामने पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने की मांग रखी थी, लेकिन आज तक यह मांग पूरी नहीं हुई। उन्होंने सवाल किया कि आखिर पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने का वादा कहां गया? बिहार को इस मामले में अब तक कुछ हासिल नहीं हुआ है।




वहीं, NDA की सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया है। जेडीयू विधायक और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब-जब बिहार आए हैं, तब-तब राज्य को बहुत कुछ मिला है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों से बिहार में सरकार चल रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री कई बार बिहार आए और केंद्र सरकार की ओर से राज्य को लगातार मदद मिलती रही है। आने वाले दिनों में भी बिहार को केंद्र से पूरा सहयोग मिलता रहेगा।




तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी श्याम रजक ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि पुल हम बना रहे हैं और उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे। इस पर श्याम रजक ने कहा कि पुल का निर्माण नीतीश कुमार की सरकार की देन है। इसमें दूसरे लोगों का सहयोग हो सकता है, लेकिन यह काम नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुआ है।




फिलहाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर के बिहार दौरे से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रधानमंत्री वैशाली से बिहार को कौन-कौन सी सौगात देते हैं और राज्य की लंबित मांगों पर क्या घोषणा करते हैं।

रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना