Nitish Setu Controversy: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को वैशाली में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन करने पहुंच रहे हैं। हालांकि, उद्घाटन से ठीक पहले पुल के नामकरण को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने नीतीश सेतु के नामकरण पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार की मंशा पर निशाना साधा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पत्र साझा कर सरकार के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा है कि जब इस पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया था, तो फिर इसे बदलकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखने की जरूरत क्यों पड़ी? खेड़ा ने सवाल किया कि सिख समुदाय की भावनाओं के साथ ऐसा खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है?
उन्होंने यह भी पूछा कि किसी राजनीतिक व्यक्ति के जीवित रहते ही उनके नाम पर पुल का नामकरण करने की इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई जा रही है? क्या नीतीश कुमार को उनके जीते-जी ही राजनीतिक मुख्यधारा से बाहर करने की तैयारी की जा रही है?
दरअसल, पुल के नामकरण को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुका है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा में इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने की मांग की थी। इसके जवाब में पथ निर्माण विभाग ने 10 फरवरी 2026 को पत्र जारी कर बताया था कि पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव विभाग को प्राप्त हुआ है और इस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसके बाद 13 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा की थी। अब कांग्रेस इसी फैसले को लेकर सरकार को घेर रही है।
कांग्रेस के सवालों के केंद्र में न केवल पुल का नाम बदलने का फैसला है, बल्कि इसके जरिए नीतीश कुमार की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के उद्घाटन से ठीक पहले इस मुद्दे के फिर से उठने से बिहार में पुल के नामकरण को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है।