Nitish Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक की, जिसमें उन्होंने करीब 20 मिनट तक मंत्रियों को संबोधित किया। यह बैठक भावनात्मक माहौल में संपन्न हुई, जहां कई मंत्री भावुक हो गए। मंत्रियों की भावुकता देख नीतीश कुमार भी इमोशनल नजर आए।
कैबिनेट को भंग करनेसे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रियों से कहा कि, “मैं दिल्ली जा रहा हूं, लेकिन वहां से भी सब कुछ देखता रहूंगा। आप सभी के प्रति मेरा स्नेह और प्यार हमेशा बना रहेगा।” मुख्यमंत्री ने इसके बाद कैबिनेट को भंग करने की जानकारी बैठक में मौजूद सदस्यों को दी। जिसके बाद पूरा माहौल गमगीन हो गया।
बैठक के बाद मंत्री लखेंद्र पासवान ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी से कहा कि, “यह एक बेहद भावुक पल है। आप लोग पहले से बेहतर काम करें। हम सबने मिलकर बिहार को एक विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम किया है, अब इसे आगे बढ़ाना आप सभी की जिम्मेदारी है।”
वहीं, मंत्री लेसी सिंह ने इस पल को भावुक और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे नेता के साथ लंबे समय तक काम करना मेरे लिए गर्व की बात है। नीतीश कुमार ने बिहार के लिए बहुत कुछ किया है और सभी को शुभकामनाएं दी हैं। बता दें कि कैबिनेट को भंग करने के बाद नीतीश कुमार 3.15 बजे अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप देंगे।